लखीमपुरखीरी, मार्च 6 -- थाना हैदराबाद क्षेत्र में नेशनल हाईवे-730 पर गुरुवार सुबह एक अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया। बताते हैं कि गुरुवार सुबह करीब 6 बजे गोला की ओर से पैदल आ रहे एक अधेड़ व्यक्ति को इंडियन ऑयल के सराहा पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अधेड़ व्यक्ति उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ढकवा पुलिस चौकी इंचार्ज जयनारायण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।...