टिहरी , जुलाई 25 -- त्तराखंड में टिहरी की नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला में शनिवार को विकास कार्यों को नई गति देते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने 99.55 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण जनहितकारी योजनाओं का शिलान्यास किया। राज्य वित्त एवं निकाय निधि से निर्मित होने वाली इन परियोजनाओं में वार्ड संख्या-04 में सामुदायिक भवन तथा वार्ड संख्या-09 (14 बीघा) में आधुनिक पब्लिक लाइब्रेरी का निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीद श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के बीच दोनों परियोजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि यह दोनों निर्माण कार्य नगर क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि पब्लिक लाइब्रेरी में विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को डिजिटल अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जबकि सामुदायिक भवन के निर्माण से मध्यम वर्गीय परिवारों को सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित