जालौन , नवंबर 04 -- उत्तर प्रदेश की जनपद जालौन में जनसुनवाई में एक बुजुर्ग महिला की पीड़ा सुनकर जिलाधिकारी समीर ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। 95 वर्षीय निराश्रित मुल्ला देवी की फरियाद पर जिलाधिकारी स्वयं उनके घर पहुंचे और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सक भेजकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया।

जानकारी के अनुसार, गत दिवस जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में मोहल्ला कांशीराम कॉलोनी निवासी मुल्ला देवी अपनी समस्या लेकर पहुंची थीं। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि उनका कोई सहारा नहीं है और घर में भोजन बनाने के लिए आवश्यक सामग्री तक उपलब्ध नहीं है। बुजुर्ग महिला की पीड़ा सुनकर जिलाधिकारी ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि जिला प्रशासन उनकी मदद करेगा और वह स्वयं उनके घर पहुंचेंगे।

इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी समीर मुल्ला देवी के आवास पर पहुंचे। उन्होंने बुजुर्ग महिला का हालचाल जाना और भोजन तैयार करने के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। सहायता मिलने पर महिला के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।

बातचीत के दौरान जिलाधिकारी को जानकारी हुई कि मुल्ला देवी का स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है। इस पर उन्होंने तत्काल चिकित्सक को उनके घर भेजकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुजुर्ग महिला के स्वास्थ्य और जरूरतों का नियमित ध्यान रखा जाए तथा समय-समय पर उनका हालचाल लेकर आवश्यक सहायता सुनिश्चित की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित