मधेपुरा , जुलाई 24 -- बिहार के मधेपुरा जिले में मुरलीगंज थाना की पुलिस ने 927 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रवेंद्र भारती ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस मुख्यालय, डीआईजी और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार देर रात प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नुरुल हक को सूचना मिली कि बिना नंबर की थार वाहन से पूर्णिया की ओर से भारी मात्रा में स्मैक लेकर तस्कर मुरलीगंज होते हुए मधेपुरा जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर नुरुल हक के नेतृत्व में मुरलीगंज पुलिस और डीआईयू टीम ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध थार वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 927 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने मौके से मधेपुरा थाना क्षेत्र के जयपालपट्टी निवासी सरोज कुमार और साहुगढ़ वार्ड संख्या-15 निवासी अभिमन्यु कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में मुरलीगंज थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गयी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं। मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित