सरगुजा , मई 23 -- ) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र से वृद्धावस्था पेंशन व्यवस्था की जमीनी चुनौतियों को उजागर करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को पेंशन की राशि निकालने के लिए उसकी बहू को हर महीने करीब 9 किलोमीटर तक पीठ पर उठाकर बैंक ले जाना पड़ रहा है। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
जानकारी के अनुसार मैनपाट विकासखंड अंतर्गत कुनिया ग्राम पंचायत निवासी सुखमुनिया बाई अपनी वृद्ध सास को बैंक तक पहुंचाने के लिए पहाड़ी और दुर्गम रास्तों से होकर पैदल सफर करती है। रास्ते में कच्चे मार्ग, जंगल क्षेत्र और नाले पड़ते हैं, जिसके कारण वाहन की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती। भीषण गर्मी के बीच यह सफर परिवार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
परिजनों ने बताया कि पहले वृद्धावस्था पेंशन की राशि बैंक मित्र के माध्यम से गांव में ही उपलब्ध हो जाती थी, लेकिन अब राशि निकालने के लिए बैंक पहुंचना आवश्यक हो गया है। बुजुर्ग महिला चलने-फिरने में असमर्थ है, इसलिए बहू को उन्हें पीठ पर लादकर बैंक तक ले जाना पड़ा। बैंक पहुंचने पर तीन माह की लंबित पेंशन के रूप में 1500 रुपये दिए गए, जबकि खाते में चार माह की कुल 2000 रुपये की राशि जमा बताई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित