अमेठी , जून 09 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सोमवार को वृद्ध की गोली मारकर की गई हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मामले में संलिप्त दो बाल अपचारियों को पुलिस ने निगरानी में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 85 लाख रुपये के मुआवजे और पैतृक संपत्ति के विवाद के चलते पोते ने अपने साथियों के साथ मिलकर दादा की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने मंगलवार को बताया कि जगदीशपुर थाना क्षेत्र के लोढियावां मजरे बगाही निवासी वीरेन्द्र कुमार द्विवेदी ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके दादा हीरालाल दुबे उर्फ बदलू दुबे (75) की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त एक आरोपी सुशील कुमार यादव उर्फ विनय यादव पुत्र हनुमान प्रसाद निवासी लोशनापुर, थाना जगदीशपुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दो बाल अपचारियों को भी नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में पुलिस को चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2016-17 में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण के बदले मृतक हीरालाल दुबे को लगभग 85 लाख रुपये का मुआवजा प्राप्त हुआ था। इस धनराशि का उपयोग उन्होंने अपने भतीजे वीरेन्द्र दुबे के साथ मिलकर किया था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब 30 लाख रुपये एलआईसी में निवेश किए गए थे, जबकि पांच लाख रुपये गांव के ही एक व्यक्ति को उधार दिए गए थे, जो इसी माह वापस मिलने थे।
पुलिस के मुताबिक, उधार दी गई धनराशि को लेकर पांच जून को परिवार में विवाद हुआ था। आरोप है कि मृतक अपनी शेष संपत्ति भी अपने भतीजे के नाम करने की बात कह रहे थे। बाल अपचारी के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी और उसे आशंका थी कि यदि पूरी संपत्ति भतीजे को दे दी गई तो उसका परिवार आर्थिक रूप से असुरक्षित हो जाएगा।
इन्हीं परिस्थितियों से क्षुब्ध होकर बाल अपचारी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, सुशील कुमार यादव उर्फ विनय यादव ने दूसरे बाल अपचारी के माध्यम से पिस्टल और कारतूस की व्यवस्था कराई थी। योजना के तहत सोमवार सुबह जब हीरालाल दुबे शौच के लिए घर से निकले, तब आरोपियों ने पहले उनकी रेकी की और फिर पिस्टल से गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल तथा जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। थाना जगदीशपुर पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बताया कि हत्या के इस जघन्य मामले के त्वरित खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित