पटना , सितंबर 15 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में आनुग्रहिक राहत राशि अंतरित किए जाने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्णय की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील और जनहितकारी पहल बताया है। श्री सरावगी ने आज बयान जारी कर कहा कहा कि राज्य सरकार बाढ़ की इस कठिन घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है और राहत, सहायता एवं पुनर्वास के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

श्री सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित 8 लाख 27 हजार 472 परिवारों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 579.23 करोड़ रुपये की आनुग्रहिक राहत राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रभावित परिवार को सात हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। यह निर्णय सरकार की संवेदनशीलता और गरीब तथा जरूरतमंद लोगों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि बिहार के 15 जिले, 88 प्रखंड, 575 ग्राम पंचायत, 2,642 गांव और 21 शहरों के 136 वार्ड बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। करीब 50 लाख लोग बाढ़ की स्थिति से प्रभावित हुए हैं, जबकि लगभग 55 हजार हेक्टेयर भूमि पर बाढ़ का असर पड़ा है। ऐसी परिस्थिति में राज्य सरकार द्वारा त्वरित राहत उपलब्ध कराना और सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में राशि भेजना पारदर्शी एवं प्रभावी व्यवस्था का उदाहरण है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी पात्र प्रभावित परिवार सरकारी सहायता से वंचित नहीं रहना चाहिए। यदि कोई पात्र परिवार राहत सूची में शामिल होने से छूट गया है तो उसे एक सप्ताह के भीतर सूची में जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय बताता है कि बाढ़ प्रभावित लोगों की पीड़ा को लेकर राज्य सरकार कितनी गंभीर और संवेदनशील है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित