पंचकूला , जुलाई 24 -- आठवें केंद्रीय वेतन आयोग ने केंद्रीय सरकार और केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारियों के संगठनों, महासंघों और यूनियनों से वेतन एवं सेवा संबंधी मुद्दों पर सीधे संवाद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। आयोग 7 और 10 अगस्त 2026 को दिल्ली में कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक करेगा।

आयोग की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, यह अवसर केवल दिल्ली में स्थित या पंजीकृत उन कर्मचारी संगठनों के लिए होगा, जिन्होंने अपना ज्ञापन (मेमोरेंडम) आयोग को पहले ही सौंप दिया है, लेकिन अब तक दिल्ली अथवा किसी राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में आयोग के साथ बैठक नहीं की है। ऐसे संगठन 31 जुलाई 2026 तक अपना यूनिक मेमो आईडी संलग्न करते हुए बैठक के लिए आवेदन कर सकते हैं।

आयोग ने बताया कि बैठक का स्थान और समय संबंधित संगठनों को बाद में सूचित किया जाएगा। साथ ही, आने वाले महीनों में दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी कर्मचारी संगठनों के साथ संवाद का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि दिल्ली-एनसीआर के बाहर के कर्मचारी संगठन अपने राज्य, केंद्र शासित प्रदेश या निकटवर्ती राज्य में आयोग के साथ बातचीत के लिए भी अनुरोध कर सकते हैं, जब वहां बैठकें आयोजित की जाएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित