रांची , अक्टूबर 30 -- झारखंड की राजधानी रांची के खेलगाँव स्थित सिद्धू-कान्हू वेलोड्रोम स्टेडियम में आयोजित 78वीं सीनियर, 55वीं जूनियर एवं 41वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ।

इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी एवं राजमहल लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेन्द्र कुमार पाठक ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर पारंपरिक रूप से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। साथ ही, इस तरह के आयोजन से झारखंड को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान मिलती है।

झारखंड में इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन होना राज्य के लिए गौरव एवं सम्मान की बात है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों एवं संस्थानों से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह में साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं विभिन्न राज्यों के साइकिलिंग संघों के पदाधिकारी तथा खेल जगत के गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से: राजेंद्र कुमार गुप्ता - संयुक्त सचिव, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, नीरज तंवर - संयुक्त सचिव, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, प्रशांत राउत - एक्जीक्यूटिव मेंबर, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, राजीव मेहरा - अध्यक्ष, पश्चिम बंगाल साइकिलिंग संघ, बी.के. राजपूत - महासचिव, मध्य प्रदेश साइकिलिंग संघ। सरदार सरवन्त सिंह गिल - सदस्य, एथलीट कमीशन, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, एस.के. पांडेय - सचिव, झारखंड एथलेटिक्स संघ।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन में झारखंड साइकिलिंग संघ के पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनमें संघ के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, अम्लान कुसुम सिन्हा, रितेश झा, चंदन तिवारी, सुरजीत कुमार, चन्द्र बहादुर सिंह सहित अन्य आयोजन समिति के सदस्य सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

झारखंड साइकिलिंग संघ ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएँ दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित