पटना, फरवरी 19 -- बिहार के परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने गुरुवार को बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चल रहा है, जिसके तहत अब तक 77,926 शिक्षण संस्थानों में छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा चुका है।
मंत्री श्री कुमार ने आज यहां सड़क सुरक्षा अभियान 2026 कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि हर साल 01 से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के रूप में जागरूकता अभियान चलाया जाता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और इसे निभाने से ही सभी सुरक्षित रह सकते हैं।
मंत्री श्री कुमार ने बताया कि विभाग लगातार जागरूकता का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में हेलमेट न पहनने, सीटबेल्ट न लगाने आदि नियमों की उल्लंघन करने पर चार लाख 47 हजार से अधिक चालान जारी किए गए हैं। सड़क सुरक्षा माह के दौरान करीब 1,800 चालकों की नेत्र जांच की गई एवं चश्मा वितरण किया गया। साथ ही 264 यूनिट रक्तदान भी सुनिश्चित किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी, निजी और स्कूली वाहन चालकों का नेत्र जांच अनिवार्य हो और स्वस्थ नेत्र प्रमाण-पत्र जारी किया जाए। स्कूलों और जिलों में वर्चुअल रियलिटी(वीआर) मशीन के जरिए दिखाया जाएगा कि हेलमेट पहनना कैसे जीवन रक्षा करता है।
श्री कुमार ने बताया कि एक महीने में रिकॉर्ड एक लाख 40 हजार वाहनों का पंजीकरण और 83 हजार ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए गए हैं। बिहार देश के लिए नए सकारात्मक उदाहरण पेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि यहां पहली बार महिलाएं पिंक बस चलाने जा रहीं हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित