वाराणसी , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश में वाराणसी शहर के दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में 76 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं स्वच्छता अभियान का शुभारंभ रविवार को सूर्यकुंड वार्ड से हुआ।
कार्यक्रम में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अभियान के पहले दिन पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने मंत्री शर्मा तथा गुजरात के अमराईवाड़ी के पूर्व विधायक जगदीश पटेल के साथ वार्ड का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया और गलियों तथा सूर्यकुंड परिसर में सफाई अभियान चलाया।
भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों की शिकायतों पर उन्होंने बिजली के केबलों के जंजाल, मलबा, क्षतिग्रस्त सीवर चैंबर, नालियों, गली पिट तथा टूटी सड़क और पत्थरों को दुरुस्त कराने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए। इसके बाद सनातन धर्म इंटर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए डॉ. तिवारी ने कहा कि क्षेत्र की छोटी-बड़ी सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है तथा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी ने विकास का नया अध्याय लिखा है।
उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट, रिंग रोड, रोपवे, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, बनास डेयरी और निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि वार्ड प्रवास कार्यक्रम स्वच्छता के साथ जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का भी प्रभावी माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने चौपाल लगाकर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों के घर जाकर उनका कुशलक्षेम जाना। 19 जुलाई से दो अक्टूबर तक चलने वाले इस 76 दिवसीय अभियान के तहत डॉ. तिवारी प्रतिदिन विधानसभा के एक वार्ड में प्रवास करेंगे, जनसंपर्क के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनेंगे, स्वच्छता अभियान चलाएंगे तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से प्रत्येक वार्ड में प्रतिदिन पांच पौधे भी लगाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित