बारां , जून 06 -- राजस्थान में बारां जिले के छीपाबड़ौद थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी 732 ग्राम स्मैक बरामद करके तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि स्मैक का अंतरराष्ट्रीय बाजार में मूल्य करीब एक करोड़ 46 लाख 40 हजार रुपये बताया गया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदाशु ने बताया कि पुलिस दल ने गश्त के दौरान आखाखेड़ी चौराहे के पास दो मोटर साइकिलों के निकट तीन संदिग्ध व्यक्तियों को देखा जो पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी करके उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम विमल प्रकाश (64), रवि मित्तल (36) और नरेश मीणा (35) बताये। तलाशी के दौरान विमल प्रकाश और रवि मित्तल से कुल 732 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार करके उनके खिलाफ मादक द्रव्य एवं मनोत्तेजक पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित