पटना , मार्च 12 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और खान एवं भूतत्व मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरूवार को अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण के विरुद्ध सटीक आसूचना प्रदान कर कार्रवाई में सहयोग करने वाले आसूचनादाताओं को 'बिहारी योद्धा पुरस्कार' प्रदान किया।
श्री सिन्हा ने इस अवसर पर आसूचनादाताओं के साहस और जनहित में निभाई गई उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान खान एवं भूतत्व विभाग द्वारा पिछले तीन महीनों में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान, की गई कार्रवाइयों तथा विभाग की प्रमुख उपलब्धियों की भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।
खान एवं भूतत्व विभाग द्वारा अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से 'बिहारी योद्धा पुरस्कार' की पहल की गई है। इस के तहत अवैध खनन, परिवहन एवं भण्डारण से संबंधित सटीक सूचना देने वाले आसूचनादाताओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।
योजना के प्रावधान के अनुसार, अवैध खनिज लदे ट्रैक्टर को जप्त कराए जाने पर 5,000 तथा अन्य बड़े वाहनों के जप्त होने पर 10 हजार रूपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है।वित्तीय वर्ष 2025-26 में चयनित कुल 72 आसूचनादाताओं को उनके द्वारा उपलब्ध कराई गई महत्वपूर्ण सूचनाओं के आधार पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तीन लाख सत्तर हजार रुपये) की राशि पुरस्कार स्वरूप ऑनलाइन माध्यम से वितरित की गई। अवैध खनन की सूचना देने के लिये 0612 2215360 अथवा 9472238821 पर कॉल किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित