पटना , मई 18 -- टना नगर निगम की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु बकाया संपत्ति कर संग्रहण के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। शहर के कुल 63,816 संपत्तिधारकों द्वारा अब तक लगभग 65 करोड़ 60 लाख रुपये का संपत्ति कर जमा नहीं किया गया है। कर संग्रहण को लेकर सख्ती करते हुए निगम ने बकायेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिन संपत्तिधारकों पर एक लाख रुपये से अधिक का संपत्ति कर बकाया है, उन्हें निगम द्वारा डिमांड नोटिस भेजा जा रहा है। यह नोटिस, कर भुगतान के लिए, निगम की ओर से जारी की जाने वाली अंतिम चेतावनी होगी। निर्धारित समय सीमा के भीतर कर जमा नहीं करने वाले बकायेदारों के विरुद्ध बिहार नगरपालिका अधिनियम, 2007 की धारा 155 के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इसके अंतर्गत डिमांड नोटिस, बैंक खाते अथवा संपत्ति की कुर्की-जब्ती, चल एवं अचल संपत्ति की नीलामी सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। आवश्यकता पड़ने पर बड़े बकायेदारों के नाम सार्वजनिक किए जाने पर भी विचार किया जाएगा।
पटना नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाकर ऐसे 685 संपत्तिधारकों को चिह्नित किया गया है जिन पर संपत्ति कर की बकाया राशि एक लाख रुपये से अधिक है। इन सभी को नियमानुसार डिमांड नोटिस जारी किया जा रहा है। नोटिस प्राप्त होने के बाद भी यदि कर का भुगतान नहीं किया जाता है, तो संबंधित संपत्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित