अलवर , जून 29 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंडावर तहसील में हरियाणा की सरकारी वीटा डेयरी भेजा जा रहा करीब 680 लीटर मिलावटी, खट्टा और बदबूदार दूध पकड़कर मौके पर ही नष्ट करा दिया।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि विभाग अब संबंधित डेयरी संचालकों के डेयरी कोड बंद कराने की प्रक्रिया भी शुरू करेगा। यह कार्रवाई जिला कलेक्टर के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के नेतृत्व में की गयी।

खाद्य सुरक्षा विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप में बड़ी मात्रा में दूध हरियाणा स्थित वीटा डेयरी में आपूर्ति के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर विभाग दल ने मुंडावर क्षेत्र में वाहन को रुकवाकर जांच की।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 17 स्टील के कैनों में करीब 680 लीटर दूध भरा मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि यह दूध दो डेयरी कोड धारकों विक्रम (ग्राम भुरियावास) और लोकेश यादव (ग्राम भुरियावास ) का था, जिसे वीटा डेयरी में आपूर्ति किया जाना था।

मौके पर मौजूद मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से जांच कराने पर दूध में मिलावट की पुष्टि हुई। जांच के दौरान दूध खट्टा, फटा हुआ और बदबूदार भी पाया गया। इसके बाद विभाग ने पूरे 680 लीटर मिश्रित दूध को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित