मुंबई , जुलाई 29 -- बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता संजय दत्त आज 67 वर्ष के हो गए। 29 जुलाई 1959 को मुंबई में जन्मे संजय दत्त को अभिनय की कला विरासत में मिली। उनके पिता सुनील दत्त हिंदी सिनेमा के प्रतिष्ठित अभिनेता और मां नरगिस जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री थीं। फिल्मी माहौल में पले-बढ़े संजय दत्त अक्सर अपने माता-पिता के साथ शूटिंग देखने जाते थे, जिससे उनका रुझान भी अभिनय की ओर बढ़ा। उन्होंने बतौर बाल कलाकार अपने पिता के बैनर तले बनी फिल्म रेशमा और शेरा से सिने करियर की शुरुआत की।
बतौर अभिनेता संजय दत्त ने वर्ष 1981 में प्रदर्शित फिल्म रॉकी से बॉलीवुड में कदम रखा। फिल्म की सफलता ने उन्हें रातोंरात पहचान दिलाई। इसके बाद वर्ष 1982 में उन्हें सुभाष घई निर्देशित विधाता में काम करने का अवसर मिला। हालांकि 1982 से 1986 तक का दौर उनके करियर के लिए चुनौतीपूर्ण रहा और उनकी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रहीं।
वर्ष 1986 में प्रदर्शित फिल्म नाम ने संजय दत्त के करियर को नई दिशा दी। फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा और वह एक बार फिर फिल्म उद्योग में अपनी मजबूत पहचान बनाने में सफल रहे। इसके बाद जीते हैं शान से, खतरों के खिलाड़ी, ताकतवर, हथियार, इलाका, जहरीले, क्रोध और खतरनाक जैसी फिल्मों ने उनकी लोकप्रियता को और बढ़ाया।
वर्ष 1991 में प्रदर्शित सड़क और साजन उनके करियर की महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल रहीं। साजन में उनके रोमांटिक अभिनय को काफी सराहना मिली और उन्हें पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकन प्राप्त हुआ।
वर्ष 1993 में आई खलनायक उनके करियर की सबसे सफल फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म में ग्रे शेड वाले किरदार को उन्होंने प्रभावशाली ढंग से निभाया। इसी वर्ष मुंबई बम विस्फोट मामले में नाम आने के कारण उन्हें कानूनी परेशानियों और जेल यात्रा का सामना भी करना पड़ा।
वर्ष 1999 में प्रदर्शित वास्तव ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी। इस फिल्म में शानदार अभिनय के लिए उन्हें पहली बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। इसी वर्ष रिलीज हुई हसीना मान जाएगी में उन्होंने अपने हास्य अभिनय से भी दर्शकों को प्रभावित किया।
संजय दत्त के करियर का सबसे लोकप्रिय अध्याय वर्ष 2003 में प्रदर्शित मुन्ना भाई एम.बी.बी.एस. से जुड़ा रहा। फिल्म में उनकी और अरशद वारसी की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। फिल्म में उत्कृष्ट अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ हास्य अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। वर्ष 2006 में इसका सीक्वल लगे रहो मुन्ना भाई भी बड़ी हिट साबित हुआ।
संजय दत्त की जोड़ी अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के साथ विशेष रूप से पसंद की गई। अभिनय के अलावा उन्होंने कई फिल्मों में पार्श्वगायन भी किया है। तीन शादियां कर चुके संजय दत्त ने अपने सिने करियर में 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है। हिंदी फिल्मों के साथ-साथ वह दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी सक्रिय हैं और लगातार विभिन्न भूमिकाओं के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित