चंडीगढ़ , जून 09 -- श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पंजाब सरकार ने एक बार फिर केंद्र सरकार से पंजाब से वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास जी महाराज जन्म स्थान मंदिर, सीर गोवर्धनपुर तक विशेष ट्रेनें चलाने की मांग की है।
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को इस संबंध में केंद्र सरकार को स्मरण पत्र (रिमाइंडर) श्री चीमा ने 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे वर्षभर के कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान कर रही है। अप्रैल से अक्टूबर तक पंजाब के विभिन्न जिलों से वाराणसी के लिए नियमित ट्रेन और बस सेवाएं चलाई जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु गुरु रविदास जी के जन्म स्थान के दर्शन कर सकें। वह राज्य सरकार द्वारा गठित कैबिनेट सब-कमेटी के अध्यक्ष भी हैं।
श्री चीमा ने कहा कि अक्टूबर और नवंबर के दौरान वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से खुरालगढ़ तक भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
बैठक के दौरान पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों विभाग ने फरवरी से दिसंबर 2026 तक के कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि फरवरी में खुरालगढ़ में 649वें प्रकाश पर्व के सफल आयोजन के साथ इस अभियान की शुरुआत हुई थी, जो अब राज्यभर में बहुआयामी कार्यक्रमों के रूप में आगे बढ़ रहा है।
वित्त मंत्री ने बताया कि विभिन्न जिलों में विशेष कीर्तन समागम आयोजित किए जा रहे हैं। रूपनगर में अप्रैल माह के दौरान समागम आयोजित किए गए, जबकि 2 जून को फगवाड़ा और 6 जून को कपूरथला में कार्यक्रम हुए। आगामी कार्यक्रम 13 जून को अमृतसर और 20 जून को संगरूर में होंगे। इसके बाद एसबीएस नगर, पठानकोट, फिल्लौर, जालंधर और लुधियाना में भी समागम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है। राज्यभर में 92 स्थानों पर विशेष ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा पंजाब के सभी गांवों में गुरु रविदास जी के जीवन और संदेश पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्य के लिए विशेष एजेंसी को नियुक्त कर दिया गया है।
श्री चीमा ने बताया कि उच्च शिक्षा एवं भाषा विभाग द्वारा गुरु रविदास जी की वाणी, सामाजिक समानता और मानवता के संदेश पर आधारित सेमिनार आयोजित किए जा रहे हैं। पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी अमृतसर और सीटी यूनिवर्सिटी लुधियाना में कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं। आने वाले समय में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, चितकारा यूनिवर्सिटी और चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी सेमिनार होंगे। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा मई से नवंबर तक राज्यभर में ऑनलाइन और ऑफलाइन क्विज, चित्रकला, निबंध लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। साथ ही विद्यार्थियों को समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष शपथ कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में पंजाब सरकार ने विशेष पहल करते हुए 650 एकड़ पंचायत भूमि पर 'श्री गुरु रविदास जी महाराज बगीची' विकसित करने का निर्णय लिया है। ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग और वन विभाग के सहयोग से प्रत्येक जिले में औसतन 6.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वित्त मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग जून माह में राज्यव्यापी रक्तदान शिविर आयोजित करेगा, जबकि पर्यटन विभाग द्वारा स्मारक पेंडेंट जारी करने और पंजाब भर में 6.50 लाख झंडों का वितरण करने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि खेल विभाग अगस्त में 'रन फॉर इक्वालिटी' नामक मैराथन और सितंबर में साइकिल रैलियों का आयोजन करेगा, जिनमें प्रत्येक कार्यक्रम में कम से कम 650 प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्य समारोह खुरालगढ़ में आयोजित होगा, जिसमें गुरु रविदास जी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी, संत सम्मेलन, विशेष वाणी सम्मेलन, ड्रोन शो और मीनार-ए-बेगमपुरा पर अत्याधुनिक 3डी प्रोजेक्शन मैपिंग का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा होशियारपुर स्थित गुरु रविदास आयुर्वेद विश्वविद्यालय में विशेष लकड़ी के पंचकर्म हट्स के निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है।
बैठक में पर्यटन विभाग के सचिव कुमार अमित, विभाग के सलाहकार दीपक बाली, पूर्व विधायक पवन कुमार टीनू, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव पुनीत गोयल तथा पर्यटन निदेशक संजीव कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित