चंडीगढ़ , जुलाई 07 -- पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने सोमवार को बताया कि पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में वर्षभर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

इसी कड़ी में मोबाइल एलईडी वैन के माध्यम से राज्य के 13 हजार से अधिक गांवों में गुरु रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और दर्शन पर आधारित 30 मिनट की डॉक्यूमेंट्री दिखायी जा रही है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समानता, भाईचारे और भक्ति के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार इस ऐतिहासिक अवसर को गुरु रविदास जी के समाज पर पड़े व्यापक प्रभाव के अनुरूप बड़े स्तर पर मना रही है।

उन्होंने बताया कि जल्द ही वाराणसी, फरीदकोट, जम्मू और बठिंडा से चार शोभा यात्राएं श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी। इसके अलावा पंजाब भर से श्रद्धालुओं को गुरु रविदास जी के जन्मस्थल वाराणसी के दर्शन कराने के लिए तीर्थ यात्राओं का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को गुरु रविदास जी के विचारों से जोड़ने के लिए राज्य के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में उनके जीवन एवं शिक्षाओं पर आधारित सेमिनार आयोजित किये जाएंगे।

श्री सोंद ने बताया कि 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए पंजाब के प्रत्येक जिले में 6.5 लाख पौधे लगाये जाएंगे। इसके साथ ही वर्षभर रक्तदान शिविर, मैराथन, साइकिल रैलियां और कीर्तन समागम सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित