बेगूसराय, जुलाई 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को आई.ओ.सी.एल स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्य के '551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय)' का उद्घाटन किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे बड़ी शक्ति होती है और बिहार सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक परिवर्तन लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा शिक्षण वातावरण तैयार करना है, जहां प्रत्येक बच्चे को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित एवं संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सोच है कि 'बिहार पढ़ेगा, तब बिहार आगे बढ़ेगा।' इसी संकल्प को साकार करने के लिए विद्यालय की शिक्षा में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब सरकारी विद्यालयों में भी निजी विद्यालयों के समान गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को भी समान अवसर प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने हाल ही में 'बिहार स्कूल लाइव क्लासेज' की शुरुआत की है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को राज्य के उत्कृष्ट शिक्षकों से ऑनलाइन अध्ययन का अवसर मिल रहा है।

श्री चौधरी ने कहा कि 15 अगस्त से 'फिलो ऐप' के माध्यम से लाइव एवं इंटरैक्टिव कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। इस एप के माध्यम से बच्चे कभी भी लाइव क्लासेज की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।उन्होंने कहा कि चयनित विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल स्टूडियो, आधुनिक प्रयोगशालाएं तथा नीट , जी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष व्यवस्था विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य बिहार के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहने देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित