देहरादून , जनवरी 29 -- उत्तराखंड में समग्र शिक्षा के तहत 544 और विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा का संचालन किया जायेगा, जिसकी स्वीकृति भारत सरकार ने दे दी है। इन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पारम्परिक विषयों के साथ ही व्यावसायिक शिक्षा दी जायेगी। जिससे वे व्यावहारिक व तकनीकी कौशल में दक्ष होंगे साथ ही भविष्य में रोजगार व स्वरोजगार के लिये भी सक्षम हो सकेंगे। योजना के तहत वर्तमान शैक्षणिक सत्र से छात्र-छात्राओं को 8 विभिन्न क्षेत्रों में व्यावसायिक शिक्षा दी जायेगी। नवीन स्वीकृत विद्यालयों में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के शीघ्र संचालन को विभागीय अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये गये हैं।
राज्य के शिक्षा, चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने गुरुवार को बताया कि प्रदेश में एनईपी-2020 के अनुरूप विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा भी दी जा रही है। इसी क्रम में समग्र शिक्षा एवं पीएम-श्री योजना के तहत प्रदेश के 544 और नये विद्यालयों का चयन व्यावसायिक शिक्षा के संचालन को किया गया है, जिन्हें भारत सरकार द्वारा स्वीकृत दे दी गई है। इन विद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से आठ विभिन्न क्षेत्रों में व्यावसायिक शिक्षा का संचालन किया जाएगा। जिसमें एग्रीकल्चर, ऑटोमोटिव, ब्यूटी एंड वेलनेस, इलेक्ट्रोनिक्स एंड हार्डवेयर, आईटी, पलम्बिंग, रिटेल तथा टूरिज्म व हॉस्पिटैलिटी शामिल है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि इन सभी सेक्टर को उत्तराखंड बोर्ड व सीबीएसई के पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। जिन्हें विद्यालय स्तर पर एक विषय के रूप में पढ़ाया जायेगा। उक्त व्यावसायिक विषयों में कक्षा-10 व 12 के उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ) के माध्यम से क्रमशः लेवन-3 व 4 के दक्षता प्रमाण पत्र दिये जायेंगे।
विभागीय अधिकारियों के हवाले से मंत्री ने बताया कि इन विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा के संचालन को पीएसएससीआईवीई (पंडित सुंदर लाल शर्मा केन्द्रीय व्यावसायिक शिक्षा संस्थान) के मानकों के अनुरूप 548 प्रयोगशालाएं स्थापित की गई है। साथ ही व्यावसायिक प्रशिक्षण को अनुभवी प्रशिक्षकों की तैनाती निर्धारित योग्यता के अनुरूप की जा रही है। उन्होंने बताया कि उक्त विद्यालयों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालन के लिये प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, शासनादेश के उपरांत व्यावसायिक शिक्षा के संचालन को विभागीय स्तर पर निविदा आयोजित की जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित