बैतूल , सितंबर 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की हर्षिता रघुवंशी ने गणित के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करते हुए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने उन्हें सम्मानित कर प्रोत्साहित किया।
मुलताई तहसील के ग्राम चिखलीकलां निवासी हर्षिता रघुवंशी राजा भोज कॉलेज, बैतूल में बीएससी-बीएड इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रम की छात्रा हैं। उन्होंने गणित की प्रसिद्ध यूलर संख्या को लगातार 520 बार सुनाकर रिकॉर्ड बनाया। हर्षिता ने यह उपलब्धि चार मिनट 11.86 सेकंड में बिना किसी गलती के हासिल की। इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में उनकी उपलब्धि 'मेक्सिमम डिजिट्स ऑफ यूलर्स नंबर्स रिपीटेड बाय अ टीन' के रूप में दर्ज की गई है।
श्री खंडेलवाल ने अपने बैतूल स्थित निवास पर हर्षिता को सम्मानित किया। उन्होंने हर्षिता की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें आईबीआर अचीवर किट भेंट की और प्रोत्साहन स्वरूप आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया। उन्होंने भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए हर्षिता को शुभकामनाएं दीं।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि ग्रामीण अंचल से आने वाली बेटी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। ऐसी प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर्षिता की सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के लिए मेहनत करने की प्रेरणा देगी।
हर्षिता ने सम्मान के लिए आभार जताते हुए कहा कि उनका सपना अपनी प्रतिभा के माध्यम से बैतूल और मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना है। उन्होंने भविष्य में विश्व रिकॉर्ड बनाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित