अररिया , जून 01 -- शस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 52वीं वाहिनी का 15वां स्थापना दिवस सोमवार को हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत कमांडेंट मितुल कुमार द्वारा सलामी लेने के साथ हुई। इसके बाद बल मुख्यालय, नई दिल्ली से प्राप्त महानिदेशक संजय सिंघल का शुभकामना संदेश जवानों को सुनाया गया। कमांडेंट मितुल कुमार ने वाहिनी की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए जवानों एवं उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में कमांडेंट ने वर्ष 2012 से अब तक वाहिनी की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वाहिनी ने वीरपुर (बिहार), युक्सुंग (सिक्किम), अंतागढ़ (छत्तीसगढ़) में नक्सल विरोधी अभियानों, चुनाव ड्यूटी, जम्मू-कश्मीर में आंतरिक सुरक्षा तथा अमरनाथ यात्रा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि वाहिनी के जवानों ने हर चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचय दिया है।उन्होंने बताया कि एसएसबी सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिक कल्याण कार्यक्रमों के तहत खेल प्रतियोगिताएं, श्री अन्न जागरूकता, वृक्षारोपण, मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर, वाहन चालन एवं मरम्मत प्रशिक्षण, महिला सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, नशा मुक्त भारत अभियान तथा अन्य कौशल विकास कार्यक्रमों का आयोजन करती रही है, जिससे स्थानीय लोगों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल रही है।

समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि मधुकर अमिताभ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर बलकर्मियों एवं संदीक्षा सदस्यों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि ने जवानों और उनके परिवारजनों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित