टोक्यो/लखनऊ , फरवरी 25 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टोक्यो में आयोजित निवेश रोड शो के दौरान जापानी उद्यमियों को उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए यीडा क्षेत्र में प्रस्तावित जापान इंडस्ट्रियल सिटी के बारे में भी जानकारी दी। कहा कि प्रदेश में 16 एयरपोर्ट संचालित हैं, जिनमें 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं तथा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जल्द शुरू होने वाला है।
बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संवाद के दौरान जापानी उद्यमियों को बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास 500 एकड़ क्षेत्र में जापान इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य जापानी कंपनियों को एकीकृत औद्योगिक क्लस्टर उपलब्ध कराना है, जहां उन्हें आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर लॉजिस्टिक्स और निर्यात की सुविधाएं मिल सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाला उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है और यहां निवेश की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में तेजी से विकसित हो रहा एक्सप्रेसवे नेटवर्क, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर और औद्योगिक क्लस्टर निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश इसलिए सुरक्षित है क्योंकि यहां स्केल, स्किल, स्टेबिलिटी और स्पीड चारों उपलब्ध हैं। भारत के मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उत्पादन का लगभग 60 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में हो रहा है। डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और रिन्यूएबल एनर्जी में निवेश की अच्छी संभावनाएं हैं।
हाल ही में नोएडा क्षेत्र में सेमीकंडक्टर यूनिट की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पास 75,000 एकड़ का लैंड बैंक उपलब्ध है। झांसी के पास बुंदेलखंड क्षेत्र में 56,000 एकड़ में नया औद्योगिक शहर विकसित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रीय औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
जापान को 'लैंड ऑफ द सनराइज' बताते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस पावन धरा को नमन करता हूं। उत्तर प्रदेश सूर्यवंश के राजा भगवान श्रीराम की पावन जन्मस्थली है। यही नहीं, भगवान बुद्ध की पावन कर्मभूमि भी उत्तर प्रदेश ही है। भगवान बुद्ध से जुड़े विश्व के सर्वाधिक महत्वपूर्ण स्थल कपिलवस्तु, सारनाथ, श्रावस्ती, कुशीनगर, कौशांबी, सहित अनेक पवित्र स्थल उत्तर प्रदेश में स्थित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित