टिहरी , सितंबर, 24 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी गढ़वाल के सबसे पुराने एवं प्रमुख श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के 50वें आयोजन को ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को नरेंद्रनगर तहसील सभागार में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता और जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए 11 समितियों का गठन करते हुए संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक में स्वास्थ्य शिविर, खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैनर एवं प्रचार-प्रसार, एलईडी व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इस वर्ष मेले का 50वां आयोजन होना अपने आप में महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने मेले के प्रारंभिक स्वरूप और इसके आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले तत्कालीन जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह पांगती के योगदान को याद करते हुए आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 50वें वर्ष के आयोजन को ऐतिहासिक एवं आकर्षक बनाने के लिए सभी को टीम भावना से कार्य करना होगा। उन्होंने मेले को एक महत्वपूर्ण एकीकरण कार्यक्रम बताते हुए इसकी सफलता के लिए सभी की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने सभी समितियों और विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समितियां समय से बैठक कर अपनी कार्ययोजना तैयार करें और किसी भी प्रकार की आवश्यकता अथवा समस्या सामने आने पर तत्काल अवगत कराएं, ताकि उसका समय रहते समाधान किया जा सके। उन्होंने संबंधित विभागों को समय पर अपनी टीमों को सक्रिय करने और पूरे मनोयोग से तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर के अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने भी आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि वर्षों के दौरान श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का लगातार विस्तार हुआ है। प्रारंभिक दौर में लगभग चार हजार रुपये की व्यवस्था से शुरू हुआ यह मेला आज बढ़कर एक करोड़ रुपये से अधिक के आयोजन तक पहुंच चुका है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सामूहिक प्रयासों के साथ मेले को सफल बनाने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित