भदोही , अगस्त 20 -- कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की ओर से आयोजित 50वें इंडिया कार्पेट एक्सपो (गोल्डन जुबली एक्सपो) के लिए बुकिंग शुरू होते ही कालीन निर्यातकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। बुकिंग के पहले ही दिन करीब 4,200 वर्गमीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक हो गया।

परिषद के अनुसार, चार से सात अक्टूबर तक कार्पेट एक्सपो मार्ट, भदोही में आयोजित होने वाले इस एक्सपो के लिए ग्राउंड फ्लोर के हॉल और शॉप एरिया की बुकिंग पूरी हो चुकी है। ऊपरी हॉल में कुछ स्थान अभी उपलब्ध हैं। इसके अलावा प्रथम और द्वितीय तल के शॉप एरिया में भी प्रदर्शनी स्थल उपलब्ध है, जिसकी बुकिंग के लिए निर्यातकों की ओर से लगातार रुचि दिखाई जा रही है।

गोल्डन जुबली इंडिया कार्पेट एक्सपो को लेकर अंतरराष्ट्रीय खरीदारों में भी उत्साह है। अब तक 42 देशों के 144 विदेशी खरीदार एक्सपो में भाग लेने के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। परिषद को उम्मीद है कि इंडिया कार्पेट एक्सपो का 50वां स्वर्ण जयंती संस्करण भारतीय हस्तनिर्मित कालीन उद्योग के लिए महत्वपूर्ण अवसर साबित होगा। एक्सपो के माध्यम से भारतीय कालीन निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ सीधे व्यापारिक संपर्क स्थापित करने, नए बाजारों तक पहुंच बनाने और निर्यात को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा।

परिषद ने इच्छुक कालीन निर्यातकों से उपलब्ध सीमित प्रदर्शनी क्षेत्र को देखते हुए जल्द से जल्द बुकिंग कराने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित