भदोही , अगस्त 18 -- कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) की ओर से 50वें इंडिया कारपेट एक्सपो-2026 का गोल्डन जुबली संस्करण चार से सात अक्टूबर तक कारपेट एक्सपो मार्ट, कारपेट सिटी भदोही में आयोजित किया जाएगा।

सीईपीसी के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने मंगलवार को बताया कि एशिया के प्रमुख कालीन मेलों में शामिल इस आयोजन में 56 देशों से करीब 400 विदेशी खरीदार और 350 खरीदार प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। एक्सपो में भारतीय हस्तनिर्मित कालीन और फ्लोर कवरिंग के निर्माता-निर्यातक अपने नवीनतम डिजाइन और उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।

सीईपीसी के अनुसार, भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता को देखते हुए ब्राजील, रूस, चीन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), दक्षिण अफ्रीका, मिस्र और सऊदी अरब सहित कुछ अन्य देशों के खरीदारों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उद्योग की मांग को देखते हुए इस वर्ष एक्सपो की अवधि तीन दिन से बढ़ाकर चार दिन कर दी गई है। इससे विदेशी खरीदारों और भारतीय निर्यातकों को कारोबार तथा नए उत्पादों पर विस्तृत चर्चा के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। परिषद का मानना है कि एक्सपो के माध्यम से भारतीय कालीनों के निर्यात को बढ़ावा देने, नए वैश्विक बाजार तलाशने और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ भारतीय निर्माता-निर्यातकों के कारोबारी संबंध मजबूत करने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित