चंडीगढ़ , अक्टूबर 29 -- हरियाणा के कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन 5 से 25 दिसंबर तक किया जाएगा। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. आशीष कुमार घोष ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की 83वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महोत्सव ने कुरुक्षेत्र को वैश्विक पहचान दिलाई है।

इस वर्ष दिल्ली और पश्चिम बंगाल भागीदार राज्यों के रूप में शामिल होंगे। महोत्सव की प्रदर्शनी में पहली बार नौसेना, वायुसेना, इसरो और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) भाग लेंगे। हस्तशिल्प और गीता पुस्तक मेले का भी आयोजन होगा। देशभर के केंद्रीय विद्यालयों और जवाहर नवोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों को भी कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2 दिसंबर से 48 कोस क्षेत्र के 182 तीर्थ स्थलों को कवर करने वाला जागरूकता अभियान शुरू होगा। 4 दिसंबर को पिपली से शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिला स्तर पर 18 से 20 दिसंबर तक कार्यक्रम होंगे। प्रदेश के गांवों के मंदिरों में गीता पाठ आयोजित किए जाएंगे।

राज्यपाल ने परिवहन, बस सेवाओं और संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने लंबित विकास कार्यों की जांच के लिए उपायुक्त और अपने ओएसडी की संयुक्त समिति गठित करने के निर्देश दिए। अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित