जगदलपुर , अगस्त 16 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के जगदलपुर स्थित 5वीं वाहिनी सशस्त्र बल की कर्मचारी कल्याण साख समिति में करीब तीन करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में पुलिस ने एक और प्रधान आरक्षक को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
बस्तर के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने रविवार को बताया कि जगदलपुर के कंगोली स्थित 5वीं वाहिनी की कर्मचारी कल्याण साख समिति में वर्ष 2012 से 2021 के बीच ऋण खातों और जमा राशि में कथित हेराफेरी तथा फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के जरिए करीब तीन करोड़ रुपये के गबन की शिकायत पर परपा थाने में मामला दर्ज किया गया था।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच के दौरान समिति के वित्तीय कार्यों से जुड़े प्रधान आरक्षक संजय चौहान की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने चौहान को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। उनसे मामले के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार इससे पहले 29 जुलाई को समिति के तत्कालीन अध्यक्ष एवं प्रधान आरक्षक शिवाकांत तिवारी को गिरफ्तार किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित