भरतपुर , फरवरी 09 -- राजस्थान में भरतपुर पुलिस रेंज के पाँच जिलों के सोमवार को एरिया डोमिनेशन के तहत वांछित अपराधी, आदतन अपराधी, असामाजिक तत्वों एवं वांछित अपराधियों के विरूद्ध की गई कार्रवाई में 497 वांछित अपराधी एवं असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया।
महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर कैलाश चन्द्र बिश्नोई ने सोमवार को बताया कि रेंज के जिला भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर एवं डीग में 1109 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के 277 दलों ने कुल 1423 स्थानों पर दबिश देकर एरिया डॉमिनेशन की कार्रवाई को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि स्थानीय एवं विशेष अधिनियम के तहत 34 अपराधियों को नवीन मामलों में, 335 वांछित 99 स्थाई वारन्टी/उद्घोषित अपराधी, जघन्य अपराधों में वांछित 19 अपराधियों, सामान्य अपराधों में वांछित 44 अपराधियों, धारा 170 बीएनएसएस में 216 व्यक्तियों को, गिरफ्तारी वारन्ट में 103 अपराधियों, नवीन दर्ज मामलों में 34 व्यक्तियों को, 16 इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी की गयी।
इसी प्रकार अवैध मादक पदार्थों के मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार करके 12.32 ग्राम स्मैक बरामद की गयी। अवैध हथियार रखने वालों के विरूद्ध तीन मामले दर्ज करके दो आरोपियों को गिरफ्तार करके दो अवैध देशी कट्टा 12 बोर एवं एक पौना 315 बोर, एक कटटा 315 बोर, तीन जिन्दा कारतूस बरामद किये गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित