बेतिया, सितम्बर 01 -- राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में पश्चिम चंपारण जिले के सभी प्रखंडों की 45 पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किए गए। शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर ही विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।

चनपटिया प्रखंड की भैंसही पोखरिया पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निष्पादन करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के शत-प्रतिशत लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा। साथ ही सभी पात्र किसानों का फॉर्मर रजिस्ट्री समयबद्ध तरीके से कराने और आवास योजना से संबंधित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने पंचायत के मुखिया परशुराम राम से भी छूटे हुए पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण और योग्य किसानों के फॉर्मर रजिस्ट्रेशन में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का मकसद लोगों को सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से बचाते हुए पंचायत स्तर पर ही सेवाएं उपलब्ध कराना है।

वहीं, उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने मझौलिया प्रखंड की महनागनी और रतनमाला पंचायतों में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने आवेदनों के निष्पादन एवं योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। विभिन्न जिलास्तरीय एवं नोडल पदाधिकारियों ने भी शिविरों का जायजा लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित