सुपौल, अक्टूबर 31 -- 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी)बीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह के मार्गदर्शन में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत 05 किलोमीटर रन फॉर यूनिटी, वॉकथॉन, साइक्लोथॉन एवं राष्ट्रीय एकता शपथ समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से जवानों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ एवं फिट रहने का संदेश दिया गया। साथ ही, "फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज" के थीम के साथ सभी को नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में वाहिनी के समस्त अधिकारी गण,अधीनस्थ अधिकारी एवं बलकर्मियों ने पूरे उत्साह, उमंग एवं जोश के साथ भाग लिया। इस दौरान लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति दिए गए अतुलनीय योगदान को याद किया गया, तथा उनके आदर्शों एवं सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता की शपथ लेते हुए देश की एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा को बनाए रखने तथा राष्ट्र की सेवा के प्रति सदैव समर्पित रहने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी सद्भाव की भावना को सुदृढ़ करना तथा बलकर्मियों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति एवं स्वस्थ भारत के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायक उदाहरण रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित