वाराणसी , जुलाई 12 -- त्तर प्रदेश में वाराणसी के सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय का 44वां दीक्षांत समारोह आगामी 30 जुलाई को विश्वविद्यालय के शताब्दी भवन अतिथि गृह में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), कानपुर के प्रख्यात वैज्ञानिक प्रो. आशुतोष शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत भाषण देंगे।

कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के मार्गदर्शन में समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह में सम्मानित किए जाने वाले स्वर्ण पदक विजेताओं तथा अन्य मेधावी विद्यार्थियों की सूची भी जारी कर दी है।

इसी क्रम में रविवार को विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय में प्रचार-प्रसार एवं निमंत्रण पत्र वितरण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संयोजक प्रो. हीरक कांत चक्रवर्ती ने की। बैठक में राजभवन से प्राप्त एजेंडे के अनुरूप प्रचार-प्रसार, निमंत्रण पत्र वितरण, मीडिया समन्वय तथा समारोह में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रो. चक्रवर्ती ने कहा कि 44वां दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का ऐतिहासिक अवसर है। इसकी गरिमा और महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल तथा सोशल मीडिया सहित सभी प्रभावी माध्यमों का समुचित उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग से समारोह की प्रत्येक महत्वपूर्ण गतिविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे संस्कृत तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति समाज में नई जागरूकता उत्पन्न होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित