लखनऊ , फरवरी 19 -- फाइलेरिया संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रदेश के 21 जिलों में चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान के तहत अब तक 40 लाख 43 हजार से अधिक लोगों ने फाइलेरियारोधी दवा का सेवन कर लिया है। इसमें दवा खाने से इंकार करने वाले 2 लाख 9 हजार से अधिक लोगों ने भी दवा का सेवन किया है। विभाग का लक्ष्य 1.40 करोड़ लोगों को दवा खिलाने का है, जिसके सापेक्ष 90 प्रतिशत से अधिक कवरेज सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने सभी 21 जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर अभियान की व्यक्तिगत समीक्षा करने और सभी पात्र लोगों को दवा खिलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पिछले वर्ष कम कवरेज वाले गांवों की सूची भी जिलाधिकारियों को भेजते हुए विशेष रणनीति बनाकर अभियान को सफल बनाने को कहा है।
गुरुवार को राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए.के. चौधरी ने बताया कि 10 फरवरी से शुरू हुए इस अभियान में 18 फरवरी तक अयोध्या में सबसे अधिक 47 प्रतिशत लोगों ने दवा का सेवन किया है। इसके अलावा बहराइच (42 प्रतिशत), भदोही (41प्रतिशत), बाराबंकी (40प्रतिशत), रायबरेली (40प्रतिशत), खीरी (40प्रतिशत), हरदोई (39प्रतिशत), पीलीभीत (39प्रतिशत), औरेया (37प्रतिशत), फतेहपुर (37प्रतिशत) और कौशांबी (36प्रतिशत) में भी अच्छा कवरेज दर्ज किया गया है। अन्य जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को माइक्रोप्लानिंग के माध्यम से अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 5 लाख 18 हजार से अधिक लोगों ने पहली बार दवा खाने से इनकार किया था, लेकिन स्वास्थ्य टीमों, सीएचओ और अन्य सहयोगियों के समझाने पर इनमें से 40 प्रतिशत से अधिक लोग बाद में दवा खाने के लिए तैयार हो गए।
गौरतलब है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के कुल 60 से अधिक ब्लॉकों में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें शाहजहांपुर के 13, बलिया के 12 और बाराबंकी के सात ब्लॉक शामिल हैं। इसके अलावा उन्नाव, चित्रकूट, प्रतापगढ़, हरदोई, प्रयागराज, सोनभद्र, कौशांबी, अयोध्या, भदोही, लखनऊ, रायबरेली, अंबेडकरनगर, खीरी, पीलीभीत, औरेया, बांदा, फतेहपुर और बहराइच में भी अभियान संचालित है। यह अभियान 28 फरवरी तक जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित