पटना , मई 07 -- ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बिहटा के ऑडिटोरियम में गुरुवार को 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों के लिए मुफ्त 'वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम' का शुभारंभ किया गया।
भारत सरकार के केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से देश के 12 विभिन्न स्थानों पर एक साथ इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर बिहार के श्रम संसाधन विभाग के सचिव दीपक आनंद मुख्य अतिथि और श्रमायुक्त राजेश भारती विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल नवंबर में अधिसूचित श्रम संहिताओं के अंतर्गत, व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य स्थिति संहिता, 2020 की धारा 6(1)(सी) के तहत अब प्रत्येक नियोक्ता के लिए अनिवार्य कर दिया गया है कि वह अपने 40 वर्ष से अधिक उम्र के श्रमिकों की वार्षिक स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करें।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं श्रम सचिव श्री दीपक आनंद ने राज्य में श्रमिकों के कल्याण और नई श्रम संहिताओं को धरातल पर उतारने के प्रति बिहार सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर श्रमायुक्त बिहार ने ओएसएच कोड व राज्य सरकार के प्रयासों से अवगत कराया। वार्षिक स्वास्थ्य जांच के लिए श्रमिकों को सवेतन अवकाश के प्रावधान के संबंध में भी जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित