चंडीगढ़ , सितंबर 11 -- हरियाणा में नगरपालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की पिछले 38 दिनों से चली आ रही हड़ताल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शुक्रवार को यहां आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनने के बाद खत्म हो गयी।
जिन मसलों पर सहमति बनी उनमें कहा गया है कि नगर पालिका के पे-रोल पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को खाली पदों पर नियमित किया जाएगा। नियमित भर्ती में संविदा कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मृत्यु होने पर 50 लाख रुपये का बीमा और दिव्यांग होने पर 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सीवरमैन के वेतन में 2,100 रुपये की वृद्धि की जाएगी। फायर कर्मचारियों को 5,000 रुपये मासिक जोखिम भत्ता और 7,500 रुपये वार्षिक वर्दी भत्ता दिया जाएगा।
इसके अलावा सफाई कर्मचारियों का मेडिकल अवकाश 10 दिन से बढ़ाकर 20 दिन किया जाएगा तथा पढ़े-लिखे कर्मचारियों को योग्यता के अनुसार ग्रुप-सी के पदों पर पदोन्नति मिलेगी। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन, ईएसआई और ईपीएफ का लाभ दिया जाएगा।
फरीदाबाद के दिवंगत फायर कर्मचारियों भवी चंद और रणवीर सिंह के परिवार के एक-एक सदस्य को पक्की सरकारी नौकरी दी जाएगी। साथ ही आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मुकदमे और उत्पीड़नात्मक कार्रवाइयां वापस ली जाएंगी।
बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, सामाजिक न्याय एवं सहकारिता मंत्री कृष्ण बेदी तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित