गुरुग्राम , जून 17 -- 3700 किलोमीटर की पदयात्रा करने वाले डॉग आलोका से मिलने के लिए बुधवार को यहां बड़ी संख्या में पशु प्रेमी जुटे और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

इस दौरान आलोका के साथ कई युवतियां सेल्फी लेती नजर आईं।

आलोका हाल ही में दिल्ली में बौद्ध भिक्षुओं के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी से भी मिला था। इससे पहले वह अमेरिका में आयोजित 'वॉक फॉर पीस' अभियान के दौरान करीब 3700 किलोमीटर की पदयात्रा का हिस्सा रहा। यात्रा पूरी होने के बाद आलोका भारत पहुंचा।

बौद्ध भिक्षु पन्नकारा ने बताया कि आलोका मूल रूप से कोलकाता की सड़कों पर घूमने वाला एक बेसहारा डॉग था। एक शांति यात्रा के दौरान वह बौद्ध भिक्षुओं को मिला। इसके बाद वह विभिन्न देशों की शांति यात्राओं में शामिल होता रहा।

मंगलवार शाम गुरुग्राम के द वेस्टिन होटल में आलोका से मिलने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दिव्यम खेरा की ओर से किया गया। उन्होंने बताया कि आलोका की यात्रा भारत से शुरू हुई थी और अब उसे दोबारा भारत लाया गया है, ताकि लोग उससे मिल सकें।

भारत आने से पहले आलोका अमेरिका, श्रीलंका और थाईलैंड सहित कई देशों में हजारों किलोमीटर की शांति यात्राओं में शामिल रहा। अमेरिका से भारत लौटने के बाद वह दिल्ली में पशु प्रेमी एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी से मिला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित