टिहरी, जनवरी 25 -- उत्तराखंड में जनपद टिहरी गढ़वाल में 36वें सड़क सुरक्षा माह (16 जनवरी से 15 फरवरी 2026) के अंतर्गत यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
एसएसपी टिहरी गढ़वाल आयुष अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक/निदेशक उत्तराखण्ड और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत मुनिकीरेती क्षेत्रान्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 34 एवं 07 पर यातायात पुलिस ने कमर्शियल व निजी कुल 300 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाई। सर्दियों के मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में कोहरे के कारण बढ़ने वाली सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों को रिफ्लेक्टिव टेप के उपयोग, सुरक्षित गति अपनाने और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में आम जनता की सहभागिता को आवश्यक बताते हुए लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की जा रही है। इसके साथ ही वाहन चालकों को मोटर वाहन अधिनियम की जानकारी दी गई और न्यायालय में निस्तारित होने वाले चालानों की प्रक्रिया एवं ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन से संबंधित प्रावधानों के बारे में भी विस्तार से समझाया जा रहा है।
यातायात पुलिस, जनपद टिहरी गढ़वाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित