लखनऊ , जनवरी 30 -- 36वीं अखिल भारतीय के.डी. सिंह 'बाबू' सब-जूनियर बालक (अंडर-14) हॉकी प्रतियोगिता दाे से 11 फरवरी तक लखनऊ के पद्मश्री मोहम्मद शाहिद एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेली जायेगी। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में 1980 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित मर्विन फर्नांडीस मुख्य अतिथि होंगे। उद्घाटन समारोह 2 फरवरी को अपराह्न 2:30 बजे आयोजित होगा।

प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी। सभी टीमों को चार समूहों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक टीम तीन लीग मैच खेलेगी। प्रत्येक समूह से शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करेंगी। लीग मैच दो से आठ फरवरी, क्वार्टर फाइनल नौ फरवरी, सेमीफाइनल 10 फरवरी तथा हार्ड लाइन एवं फाइनल मुकाबला 11 फरवरी को खेला जाएगा।

प्रतियोगिता की कुल पुरस्कार राशि पांच लाख रुपये निर्धारित की गई है। विजेता टीम को दो लाख, उपविजेता को डेढ़ लाख, तृतीय स्थान को एक लाख तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीम को पचास हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। प्रतियोगिता के सुचारु संचालन हेतु आयोजन समिति का गठन किया गया है, जिसमें एके घोष (आईएएस) अध्यक्ष, सैयद अली तकनीकी सचिव तथा सुजीत कुमार महासचिव सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित