बहराइच , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को बहराइच जिले के विकास खंड तेजवापुर मुख्यालय पर आयोजित भव्य सामूहिक विवाह समारोह में कुल 344 जोड़ों का विवाह सामाजिक एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में 315 हिंदू जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह तथा 29 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न कराया गया। नवविवाहित जोड़ों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आशीर्वाद देने के साथ वैवाहिक सामग्री एवं मिष्ठान भी वितरित किया।

जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विकास खंड महसी के 178, तेजवापुर के 49, फखरपुर के 46 तथा शिवपुर के 71 जोड़ों का विवाह सम्पन्न हुआ। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, निराश्रित एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक महसी सुरेश्वर सिंह ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य वैवाहिक मंडप में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, निदेशक चीनी नानपारा अखण्ड प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि तेजवापुर रमाकर पाण्डेय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राम निवास जायसवाल, जिला मंत्री शशिकांत त्रिपाठी, समाजसेवी दिवाकर पाण्डेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी प्रतीक यादव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने कन्या पूजन एवं कन्यादान की रस्म निभाई।

समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जयमाल स्थल और निकाह घर पहुंचकर नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा की तथा उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। सभी जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित वैवाहिक उपहार सामग्री और मिष्ठान भी प्रदान किया गया।

अपने संबोधन में विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से बेटियों का विवाह उनकी धार्मिक एवं सामाजिक परंपराओं के अनुरूप सम्मानपूर्वक कराया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का बोझ कम हो रहा है। उन्होंने पात्र परिवारों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील भी की।

कार्यक्रम के समापन पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रमाकर पाण्डेय ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित