रायपुर , मार्च 27 -- छत्तीसगढ़ के धरसीवां क्षेत्र में 31 मार्च को 'कुंवरगढ़ महोत्सव' का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र को लगभग 133 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी जाएगी।
स्थानीय विधायक अनुज शर्मा ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा के दौरान बताया कि महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करना और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि कुंरा नगर अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए जाना जाता है, जहां राजा कुँवर सिंह गोंड की विरासत आज भी जीवंत है।
उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री इस दौरान कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। साथ ही नव निर्मित तहसील कार्यालय का उद्घाटन भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आधारभूत संरचना, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होने की उम्मीद है।
महोत्सव में स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन और कुटीर उद्योगों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय व्यापारियों और कारीगरों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय लोक कलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
विधायक ने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। आयोजन के लिए सुरक्षा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था किए जाने की बात भी कही गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित