खैरथल-तिजारा , अगस्त 26 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के शेखपुर अहीर थाना क्षेत्रमें पुलिस ने संदिग्ध रूप से ले जाये जा रहे यूरिया उर्वरक से भरे ट्रक को पकड़ा है।

पुलिस सू्त्रों ने बुधवार को बताया कि मंगलवार शाम करीब पाैने सात बजे पुलिस को मिली कि एक ट्रक में यूरिया उर्वरक भरकर ले जाया जा रहा है, जो संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इस पर पुलिस ने ट्रक को रोककर थाने में खड़ा करवा दिया।

सूत्रों ने बताया कि बुधवार सुबह ट्रक को ग्राम सेवा सहकारी समिति इसरोदा ले जाया गया। जांच के दौरान ट्रक में 300 बैग नीम कोटेड यूरिया बरामद हुआ। इन कट्टों पर निर्माता चंबल फर्टिलाइजर एंड केमिकल्स लिमिटेड, गाड़ेपन, कोटा अंकित था। कृषि आदान निरीक्षक विष्णु कुमार चौधरी ने उर्वरक को जब्त कर लिया और नियमानुसार नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।

पूछताछ में ट्रक चालक मौसम खान ने बताया कि यह उर्वरक सीकरी के शिशवाड़ा स्थित एक दुकानदार से लेकर टपूकड़ा में किसी व्यक्ति को देने जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित