नयी दिल्ली , अक्टूबर 23 -- एस मेघना ने 30 साल की उम्र में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है। शीर्ष क्रम की इस बल्लेबाज़ ने भारत के लिए अपना आख़िरी मैच अक्टूबर 2022 में खेला था। उन्होंने भारत के लिए कुल 20 मैच खेले। वह आख़िरी बार 2025 में वीमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के दौरान मैदान पर उतरी थीं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "एक खिलाड़ी के तौर पर क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा करते हुए मेरा दिल कृतज्ञता से भरा हुआ है। मैदान मेरा दूसरा घर रहा है। इस खेल ने मुझे मुश्किलों का सामना करना, विनम्र रहना सिखाया और मुझे ऐसी यादें दीं, जिन्हें मैं जीवन भर अपने साथ रखूंगी।"आंध्र प्रदेश की क्रिकेटर मेघना ने नवंबर 2016 में विजयवाड़ा में वेस्टइंडीज़ के ख़िलाफ़ टी 20 मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। उस मुक़ाबले में उन्होंने 16 गेंदों पर 17 रन बनाए थे, लेकिन भारत को 31 रन से हार मिली थी। उनका वनडे डेब्यू फ़रवरी 2022 में क्वीन्सटाउन में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ हुआ। उस मैच में वह 14 गेंदों पर चार रन बनाकर आउट हो गई थीं। हालांकि, सीरीज़ के अगले दो मैचों में उन्होंने शानदार बल्लेबाज़ी की और 50 गेंदों पर 49 रन और 41 गेंदों पर 61 रन बनाए।
हालांकि, न्यूज़ीलैंड दौरे पर खेले गए ये तीन वनडे ही इस प्रारूप में उनकी अंतिम अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ रही। इन मैचों में उन्होंने कुल 114 रन बनाए। 17 टी 20 में मेघना ने 102.78 के स्ट्राइक रेट से 258 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक शामिल है।
उन्होंने लिखा, "एक खिलाड़ी के तौर पर भले ही मेरा क्रिकेट का सफ़र अब समाप्त हो रहा है, लेकिन क्रिकेट से मेरा रिश्ता कभी नहीं टूटेगा। मैं हमेशा इस खेल से गहराई से जुड़ी रहूंगी। मेरा इरादा अपना जीवन इस खेल को कुछ लौटाने, अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने और उस खेल की सेवा करने में समर्पित करने का है, जिसने मुझे सब कुछ दिया।"मेघना ने डब्ल्यूपीएल में तीन सीज़न खेले। शुरुआत में वह गुजरात जायंट्स के लिए खेलीं और फिर दो साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का हिस्सा रहीं। 2024 में वह ख़िताब जीतने वाली टीम की सदस्य भी थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित