पटना , जुलाई 27 -- ारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के क्रम में भव्य रोड शो के बाद आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता ने जिस उत्साह और आत्मीयता के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रति अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया है, वह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि 30 जुलाई को बांकीपुर एक नया चुनावी कीर्तिमान स्थापित करेगा।श्री नवीन ने कहा कि पूरे रोड शो के दौरान जनता का अपार स्नेह और विश्वास यह साबित करता है कि बांकीपुर विकास, सुशासन और जनसेवा की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ा है।

‎श्री नवीन ने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा का परिचय एक जमीनी कार्यकर्ता के रूप में देते हुए कहा कि उन्होंने बूथ अध्यक्ष से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की और आज पार्टी ने उन्हें उनकी मेहनत, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के आधार पर उम्मीदवार बनाया है।

‎उन्होंने कहा कि भाजपा ही वह दल है जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत के बल पर शीर्ष तक पहुंच सकता है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वह कमल के निशान पर मतदान कर नीरज सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाकर कार्यकर्ता आधारित राजनीति को और मजबूत करें।

‎भाजपा अध्यक्ष श्री नवीन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अहंकार, धनबल और बाहुबल के सहारे राजनीति करने के आदी रहे हैं, जबकि भाजपा ने हमेशा सेवा, संस्कार और संगठन की ताकत को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर किसी का किला नहीं बल्कि उनका परिवार है और इस परिवार का विश्वास कोई नहीं तोड़ सकता। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने बिहार को जंगलराज, भय और अव्यवस्था दी, वे आज विकास की बात कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके अतीत को भुलाने वाली नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित