मधेपुरा , अक्टूबर 03 -- बिहार के मधेपुरा जिले में मुरलीगंज जिले की पुलिस ने नशा कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाकर 2900 बोतल प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार सूचना के आधार पर पड़वा नवटोल पंचायत के वार्ड छह निवासी शिवनंदन भगत के पटुआ रखने वाले गोदाम से आठ बोरा और एक कार्टन में 100 एमएल के 1620 पीस तथा पड़वा वार्ड एक स्थित अमरजीत कुमार के घर के पीछे झाड़ी से सात कार्टन में 980 पीस कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इस दौरान कांड में संलिप्त अभियुक्त पुलिस को देखकर फरार हो गये।

इसी क्रम में रात्रि गश्ती के दौरान गुप्त सूचना पर नगर पंचायत के वार्ड छह में छापेमारी कर कार से 100 एमएल के 300 पीस प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से करौती वार्ड 13, उदाकिशुनगंज निवासी सोनु कुमार को गिरफ्तार किया तथा दो मोबाइल जब्त किये।

थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया है। इस संबंध में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित