दरभंगा , सितंबर 23 -- िहार विधान परिषद के 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और इसी के साथ नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।प्रमंडलीय सभागार में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाची पदाधिकारी - सह - आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल हिमांशु कुमार राय ने निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गयी है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सात अक्टूबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर है।

श्री राय ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा तथा 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। नामांकन पत्र सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर प्रत्येक कार्य दिवस में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक प्राप्त किए जाएंगे।

आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप दायित्वों के निर्वहन के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से निर्वाचन से संबंधित आधिकारिक एवं प्रमाणिक सूचनाओं को प्राथमिकता के साथ प्रसारित कर मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंचाने में सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कौशल कुमार, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश चंद्र, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, सहायक योजना पदाधिकारी प्रीति कुमारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित