रायपुर , जून 28 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के लिए अभनपुर में आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का औपचारिक समापन 29 जून को होगा। समापन सत्र में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा भाग लेंगे।

प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिला कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन संचालन और राजनीतिक रणनीति से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें संगठन की जिम्मेदारी और ताकत दी है, जिसका इस्तेमाल जनता के मुद्दों को उठाने और केंद्र-राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने में किया जाना चाहिए। उन्होंने जिला अध्यक्षों को जमीनी स्तर पर सक्रिय और आक्रामक तरीके से कार्य करने की सलाह भी दी।

श्री बघेल ने अपने सत्र में कांग्रेस की रीति-नीति, पार्टी के इतिहास तथा राज्य में कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान संचालित प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही देश के विकास में कांग्रेस के योगदान पर भी विस्तार से चर्चा की।

शिविर के दौरान अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह तथा अल्पसंख्यक विभाग के अमीन मेमन ने अलग-अलग सत्रों को संबोधित किया। दोनों नेताओं ने आदिवासी अधिकार, अल्पसंख्यक कल्याण तथा जल, जंगल-जमीन से जुड़े विषयों पर जिला अध्यक्षों को जानकारी दी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रशिक्षण शिविर के सभी सत्रों में शामिल हो रहे हैं। पार्टी के अनुसार दोनों वरिष्ठ नेता शिविर स्थल पर रात्रि विश्राम भी कर रहे हैं तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम की गतिविधियों की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित