लखनऊ , अप्रैल 18 -- उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण आगामी 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनपद हरदोई में किया जाएगा। प्रदेश सरकार इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तैयार हुआ यह मेगा प्रोजेक्ट राज्य के बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है। वर्ष 2020 में स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना पर तेजी से काम हुआ और अब यह लोकार्पण के लिए तैयार है।
करीब 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज तक जाएगा। यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश को सीधे जोड़ते हुए यात्रा को तेज और सुगम बनाएगा।
इस परियोजना से मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, सम्भल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज सहित 12 जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके दायरे में आने वाले सैकड़ों गांवों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से प्रदेश में औद्योगिक निवेश को गति मिलेगी और लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आएगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित