चंडीगढ़ , मार्च 27 -- हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

श्री गोयल ने बताया कि 28 मार्च को भारतीय जनता युवा मोर्चा के सहयोग से मेगा जॉब फेयर का आयोजन जैसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद में किया जाएगा। इसमें विभिन्न कंपनियां भाग लेकर युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर नौकरी के अवसर देंगी। यह मंच नौकरी तलाश रहे युवाओं और कंपनियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करेगा।

मंत्री ने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाते हुए 'पर्ची-खर्ची' प्रथा समाप्त कर दी है और योग्यता आधारित सिस्टम लागू किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में निवेश बढ़ रहा है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

इसके साथ ही उन्होंने ग्रीन पानीपत मिशन के दूसरे चरण का जिक्र करते हुए बताया कि कुल एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित