नयी दिल्ली, अक्टूबर, 10 -- एशियन हॉकी फेडरेशन ने पुरुषों की हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 के मैचों का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह टूर्नामेंट 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक पंजाब के दो मशहूर हॉकी स्टेडियम ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम और ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेला जायेगा।
27 अक्टूबर से दो नवंबर तक सभी लीग-स्टेज मैच जालंधर में खेले जाएंगे, जिसके बाद टूर्नामेंट के अहम मुकाबले मोहाली में होंगे। सेमीफाइनल और मेडल मैच ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। सेमीफाइनल चार नवंबर को और कांस्य पदक तथा स्वर्ण पदक मैच 5 नवंबर को होंगे।
इस टूर्नामेंट में एशिया के छह प्रमुख हॉकी देश मौजूदा चैंपियन और एशियन गेम्स विजेता भारत, मलेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और बंगलादेश हिस्सा लेंगे। जापान में एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक सफलतापूर्वक बचाने के बाद, पांच बार की एसीटी विजेता भारतीय टीम टॉप-रैंक वाली टीम के तौर पर टूर्नामेंट में उतरेगी और प्रतियोगिता में अपने शानदार रिकॉर्ड को बनाए रखने की कोशिश करेगी।
ओपनिंग सेरेमनी 27 अक्टूबर को होगी, ठीक उस समय जब भारत अपने अभियान के पहले मैच में बंगलादेश का सामना करेगा।
छह टीमें सिंगल राउंड-रॉबिन लीग चरण में मुकाबला करेंगी, जिसमें हर टीम पांच मैच खेलेगी। लीग चरण के आखिर में टॉप चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। भारत का मुकाबला 27 अक्टूबर को बंगलादेश से होगा, इसके बाद 29 अक्टूबर को चीन, 30 अक्टूबर को जापान, एक नवंबर को मलेशिया और दो नवंबर को दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच होंगे। भारत के सभी पांच लीग मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे शुरू होंगे।
टूर्नामेंट में 28 अक्टूबर, 31 अक्टूबर और 3 नवंबर को आराम के दिन होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित