चंदौली , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश में चंदौली जिले की कंदवा पुलिस ने गोवंश तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को बिहार स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को मुगलसराय थाना क्षेत्र से जुड़े मुकदमे में वांछित महाबीर कुमार (28) पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी हसनचक रहिमनपुर, थाना अथमलगोला, पटना (बिहार) को उसके घर से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को कंदवा पुलिस ने एक पिकअप वाहन से 12 गोवंश जीवित बरामद किए थे। इस मामले में एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया था। बरामदगी के आधार पर कंदवा थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

विवेचना के दौरान बरामद पिकअप वाहन के स्वामी महाबीर कुमार का नाम सामने आया। गिरफ्तारी से बचने के कारण वह लगातार फरार चल रहा था। इस पर पुलिस अधीक्षक चंदौली ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल, उपनिरीक्षक वीरेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल भरत सिंह, कांस्टेबल आशीष कुमार तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल मनोज यादव शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित